क्षेत्रीय
09-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। शहर की प्रसिद्ध पोड़ी टेकरी स्थित दरगाह पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी टेकरी वाले हजरत बाबा चाँदशाहवली रहमतुल्लाह अलैह का उर्स मुबारक श्रद्धा, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दरगाह कमेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 11 मई 2026, सोमवार को शाम 4 बजे शाही संदल मड़ई भाटा दरबार से रवाना होगा। यह शाही संदल शहर के विभिन्न मार्गों से गश्त करते हुए पोड़ी टेकरी दरगाह शरीफ पहुंचेगा, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। दरगाह पहुंचने के बाद ईशा की नमाज अदा की जाएगी, तत्पश्चात दरगाह शरीफ को ग़ुस्ल दिया जाएगा और चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी। उर्स मुबारक के अवसर पर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को लेकर दरगाह कमेटी द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं ताकि आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दरगाह कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं और बाबा के चाहने वालों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उर्स मुबारक में शामिल हों तथा बाबा की दरगाह से फैज और बरकत हासिल करें। ईएमएस / 09/05/2026