कलेक्टर ने किरनापुर, लांजी में सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों की ली बैठक बालाघाट (ईएमएस). जिले के किरनापुर एवं लांजी विकासखंड में 9 मई को कलेक्टर मृणाल मीना ने सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लांजी विकासखंड में आयोजित बैठक में विधायक राजकुमार कर्राहे भी शामिल हुए। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान अमेड़ा नर्सरी में मखाना खेती को बढ़ावा देने में अपेक्षित प्रयास नहीं करने पर संबंधित उद्यान विस्तार अधिकारी की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक राजकुमार कर्राहे ने क्षेत्र की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार रखें तथा कार्यप्रणाली को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर तैनात सभी विभागों के कर्मचारी सेवा भाव से आमजन के कार्य करें। साथ ही लांजी एवं किरनापुर में प्रत्येक तीन माह में इस प्रकार की समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विधायक निधि एवं अन्य योजनाओं से स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर भी जोर दिया। एएनएम, सीएचओ से मांगा जवाब बैठक में सभी एएनएम एवं सीएचओ को गर्भवती माताओं का अनमोल पोर्टल पर पंजीयन कर चार बार एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एएनसी पंजीयन में सबसे कम प्रगति वाले कर्मचारियों से जवाब-तलब किया गया। इस दौरान किरनापुर विकासखंड के ग्राम गोदरी, किन्ही, मोरवाही, खारा, मुंडेसरा, बटकरी, बोदालझोला तथा लांजी विकासखंड के संबंधित एएनएम एवं सीएचओ को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन एवं उपचार तथा 03 से 06 वर्ष के बच्चों के शाला पूर्व शिक्षा पंजीयन की समीक्षा भी की गई। कम प्रगति वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सात दिवस के भीतर सुधार लाने के निर्देश दिए गए। फार्मर रजिस्ट्री में कम प्रगति, 7 पटवारियों जारी होगा नोटिस राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान फार्मर रजिस्ट्री में कम प्रगति वाले पटवारियों किरनापुर के योगेश, रविकांत भारद्वाज, राहुल त्रिपाठी तथा लांजी के देवेंद्र शरणागत, कुलदीप नगपुरे, संजय कुमार पटले और रुखमणी बैगा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने को कहा गया। पटवारियों को लैपटॉप अपडेट करने तथा खसरा बंटांकन के साथ नक्शा तरमीम का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर भी जोर दिया गया। रोजगार सहायकों की हो सकती है सेवा समाप्त ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान लांजी विकासखंड की नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायतों में रोजगार उपलब्ध कराने में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम घोटी, सर्रा, जुनेवानी, अंधियाटोला, नेवरवाही, कलपाथरी एवं चिचोली के ग्राम रोजगार सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। पशु चिकित्सा अधिकारियों को भी जारी हुआ नोटिस बैठक में पशु चिकित्सा विभाग की क्षीरधारा योजना, कामधेनु योजना, एफएमडी टीकाकरण एवं नर पशुओं के बधियाकरण की समीक्षा भी की गई। कम प्रगति पाए जाने पर पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी यशवंत लिल्हारे, आकांक्षा कर्राहे, सौरभ उईके एवं महेंद्र आसटकर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। भानेश साकुरे / 09 मई 2026