इन्दौर (ईएमएस) फ्लाइटों की लेट लतीफी, निरस्ती के साथ उनके रूट डायवर्ट के साथ ही किसी न किसी घटनाक्रम को लेकर नकारात्मक सुर्खियों में आ रहे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर कल हुए एक और घटनाक्रम में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला यात्री अचानक एस्केलेटर से गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद तुरंत एयरपोर्ट स्टाफ ने डॉक्टर को बुला महिला को मेडिकल रूम में ले जाकर प्राथमिक उपचार दे उन्हें ठीक लगने पर घर रवाना किया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार महिला के साथ यह घटना सुबह करीब 6.43 बजे अराइवल एरिया में तब हुई जब पुणे से इंदौर आई इंडिगो की फ्लाइट 6ई-284 में सीट नंबर 16ई पर यात्रा करने वाली महिला माधुरी कनोजिया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद टर्मिनल की पहली मंजिल से एस्केलेटर से नीचे आ रही थीं, तभी अचानक एस्केलेटर पर संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ीं। घटना देख टर्मिनल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने सहायता पहुंचाई और मेडिकल इंस्पेक्शन रूम के डॉक्टर को बुला महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया। आनंद पुरोहित/ 09 मई 2026