जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर से अहमदाबाद जा रही एक यात्री बस ने पाटन रोड पर एम्बुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा शनिवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम खैरी के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एम्बुलेंस में सवार सौरभ पटेल नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री अपनी सीटों से नीचे गिर गए। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस से मेडिकल अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। यात्रियों ने उसे कई बार धीरे चलाने को कहा, लेकिन उसने बात नहीं मानी। हादसे के बाद पाटन रोड पर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। सुनील साहू / शहबाज/ 09 मई 2026/ 08.00