- टिगरिया बादशाह स्कूल में शौचालयों और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश; अमले के साथ किया क्षेत्रों का दौरा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता रैंकिंग और जमीनी हकीकत को परखने के लिए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने टिगरिया बादशाह, प्रेसिडेंट पार्क और स्कीम नंबर 140 क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और कंपोस्ट पीट का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सीटीपीटी (सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालय) की स्थिति देखी और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण का कार्य पूरी तरह समयबद्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए। निगमायुक्त टिगरिया बादशाह स्थित शासकीय स्कूल भी पहुंचे। वहां उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई के साथ विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल परिसर में स्वच्छता और बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल जैसी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। दौरे के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगॉंवकर, क्षेत्रीय ज़ोनल अधिकारी वैभव देवलासे और धीरेन्द्र बायस सहित निगम का अन्य प्रशासनिक अमला मौजूद था। आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कचरा निष्पादन और क्षेत्रीय सफाई को लेकर आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश भी दिए। प्रकाश/09 मई 2026