- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने स्वच्छता और सुशासन के इंदौर मॉडल को सराहा; केंद्रीय मंत्री को सौंपेंगे रिपोर्ट :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर आज स्वच्छता, सुशासन और ऊर्जावान नेतृत्व का राष्ट्रीय मॉडल बन चुका है। यहां के नगर निगम का अटल सदन परिषद भवन देखकर ऐसा अनुभव हुआ जैसे मैं अपने राज्य की विधानसभा में खड़ा हूं। यह विचार हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने व्यक्त किए। शनिवार को इंदौर प्रवास के दौरान उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों का अवलोकन किया। अटल परिषद सदन के भ्रमण के दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें ऊर्जावान और दूरदर्शी जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि जिस संकल्प के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री और वहां के जनप्रतिनिधि कार्य करते हैं, वही समर्पण इंदौर के महापौर में भी दिखाई देता है। कल्याण ने कहा कि हरियाणा में आयोजित अर्बन लोकल बॉडी कॉन्फ्रेंस में इंदौर निगम की प्रस्तुति सबसे प्रभावशाली थी, जिससे प्रेरित होकर ही वे यहां के कार्यों को प्रत्यक्ष देखने आए हैं। :: स्वच्छता का देखा व्यावहारिक रूप :: कल्याण ने बताया कि सुबह मेघदूत उपवन में सैर के दौरान उन्हें इंदौर के स्वच्छता मॉडल का व्यावहारिक रूप देखने को मिला। उन्होंने इंदौर की सफलता में जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या की यह पुण्यभूमि कर्म, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम है। इंदौर के अनुभवों और व्यवस्थाओं पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को सौंपी जाएगी, ताकि इस मॉडल को देश के अन्य शहरों में भी लागू किया जा सके। :: सब सफाई देखने आते हैं, अध्यक्ष ने सदन देखने की इच्छा जताई : महापौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि आमतौर पर इंदौर आने वाले अतिथि यहां का स्वच्छता मॉडल देखते हैं, लेकिन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से निगम के नव-निर्मित अटल सदन को देखने की इच्छा जताई। महापौर ने उन्हें सदन की कार्यप्रणाली और नवाचारों से अवगत कराया। :: ये रहे उपस्थित :: इस अवसर पर निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ल, राजेश उदावत, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा बबलू, सचेतक कमल वाघेला, पंखुड़ी डोसी, संध्या यादव, योगेश गेंदर सहित पार्षद और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/09 मई 2026