:: विदेश में साहित्य का परचम फहराने वाले डॉ. विकास दवे का अभिनंदन; इंदौर लेखिका संघ ने आयोजित किया गरिमामय समारोह :: इंदौर (ईएमएस)। शिक्षा ही किसी भी समाज के विकास और प्रगति की असली बुनियाद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में देश व प्रदेश में शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में व्यापक कार्य हो रहे हैं। शिक्षा से समाज में बड़ा बदलाव आ रहा है। यह विचार जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने व्यक्त किए। वे शनिवार को अभिनव कला समाज में इंदौर लेखिका संघ द्वारा आयोजित सम्मान एवं संवाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने विदेशी धरती पर हिंदी साहित्य का मान बढ़ाने वाले मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे का शाल-श्रीफल और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया। समारोह में मंत्री ने सुनीता दवे का भी सम्मान किया। मंत्री सिलावट ने कहा कि डॉ. विकास दवे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त कर न केवल इंदौर, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति के अध्यक्ष अरविंद जवलेकर ने की। इस दौरान देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग की अध्यक्ष डॉ. सोनाली सिंह नरगुंदे, स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल और इंदौर लेखिका संघ की अध्यक्ष डॉ. स्वाति तिवारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। समारोह में डॉ. सोनाली नरगुंदे, प्रवीण खारीवाल और अरविंद जवलेकर ने भी डॉ. दवे की साहित्यिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अभिनंदन पत्र का वाचन मनीषा व्यास ने किया, जबकि स्वागत गीत डॉ. सुरेखा भारती ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार भूपेंद्र गौतम, सुरेश तिवारी, कीर्ति राणा, सतीश जोशी, अन्ना दुराई सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद और प्रबुद्धजन मौजूद थे। प्रकाश/09 मई 2026