:: एमवाय अस्पताल को मिलीं आधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें; आयुष्मान कार्डधारियों को मिलेगी नि:शुल्क जांच की सुविधा :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। एम्स और सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों की बढ़ती संख्या के साथ अब आयुष्मान भारत योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में इंदौर के एमवाय अस्पताल को मिली आधुनिक मशीनें दूर-दराज से आने वाले मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होंगी। यह विचार सांसद शंकर लालवानी ने व्यक्त किए। वे शनिवार को शासकीय महाराज यशवंतराव (एमवाय) चिकित्सालय के रेडियोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक सीटी स्कैन एवं एमआरआई सेंटर के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। सांसद लालवानी और विधायक गोलू शुक्ला ने फीता काटकर और मशीनों का पूजन कर केंद्र का लोकार्पण किया। :: हादसों के मरीजों को मिलेगा तत्काल उपचार :: सांसद लालवानी ने कहा कि एमवाय अस्पताल में विशेषकर सड़क हादसों और हेड इंजरी के गंभीर मरीज बड़ी संख्या में आते हैं। अब इन मशीनों के लग जाने से मरीजों को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों में नहीं भटकना पड़ेगा और उन्हें तत्काल उपचार मिल सकेगा। विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रयासों से अस्पताल को ये विश्वस्तरीय मशीनें मिली हैं। उन्होंने आगामी समय में अस्पताल में बेरिएटिक सर्जरी की सुविधा शुरू कराने का भी भरोसा दिलाया। :: विशेषज्ञों का लाभ, रियायती दर पर जांच :: एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने कहा कि कॉलेज में स्नातक और स्नातकोत्तर की सीटें बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अलका अग्रवाल ने मशीनों की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को यह जांच पूरी तरह नि:शुल्क मिलेगी, जबकि अन्य मरीजों के लिए दरें काफी रियायती रखी गई हैं। इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. अशोक यादव, डॉ. अमन गुप्ता, डॉ. अरविंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और मेडिकल छात्र उपस्थित थे। प्रकाश/09 मई 2026