राष्ट्रीय
09-May-2026
...


-राज्यपाल ने दी सरकार गठन की मंजूरी -वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से टीवीके के पास पहुंचे 120 विधायक चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु की राजनीति में कई दिनों से जारी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। अभिनेता से राजनेता बने विजय अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शनिवार को वीसीके (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा कर दी। इसके बाद टीवीके के समर्थन में विधायकों की संख्या बढ़कर 120 हो गई, जबकि विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की आवश्यकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शनिवार शाम विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर 120 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा। समर्थन सूची देखने के बाद राज्यपाल ने टीवीके को सरकार गठन की मंजूरी दे दी। इसके साथ ही पिछले चार दिनों से चल रही राजनीतिक अनिश्चितता समाप्त हो गई। रविवार सुबह 10 बजे होगा शपथ ग्रहण राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब विजय रविवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, विजय शपथ ग्रहण का समय बदलवाना चाहते थे, लेकिन उनके ज्योतिषी ने सुबह 10 बजे का समय शुभ बताया। बताया जा रहा है कि इसी कारण राज्यपाल और विजय के बीच हुई बैठक करीब दो घंटे तक चली। 13 मई तक बहुमत साबित करने का निर्देश राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वर्तमान समर्थन संख्या को देखते हुए विजय सरकार के लिए विश्वास मत हासिल करना मुश्किल नहीं होगा। तीन दिनों तक जारी रहा सस्पेंस सरकार गठन को लेकर पिछले तीन दिनों से तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल तेज थी। विजय लगातार राज्यपाल से मुलाकात कर रहे थे, लेकिन उनके पास बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन नहीं था। इसी वजह से राज्यपाल ने पहले सरकार गठन का निमंत्रण देने से इनकार कर दिया था। हिदायत/ईएमएस 09मई26