- लोक अदालत के माध्यम से वसूली गई 9 लाख 79 हजार 304 रुपये की राशि बालाघाट (ईएमएस). नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत 9 मई को नगर पालिका परिषद बालाघाट और नगर पालिका वारासिवनी में कर संबंधी प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान संपत्तिकर, भवन-भूमि किराया एवं जलकर से संबंधित मामलों का निराकरण कर राजस्व वसूली की गई। नगर पालिका परिषद बालाघाट में सुबह 10.30 बजे आयोजित नेशनल लोक अदालत में संपत्तिकर, भवन-भूमि किराया एवं जलकर से संबंधित 774 प्रकरण रखे गए थे। इनमें संपत्तिकर के 172, जलकर के 160 प्रकरणों का निराकरण किया गया। लोक अदालत के माध्यम से 9 लाख 79 हजार 304 रुपये की राशि वसूल की गई। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्य प्रकाश उके, राजस्व निरीक्षक, सभी वार्ड प्रभारी एवं सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार न्यायालय परिसर वारासिवनी में भी प्रात: 10.30 बजे नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। यहां नगर पालिका वारासिवनी के संपत्तिकर, भवन-भूमि किराया एवं जलकर से संबंधित कुल 37 प्रकरण रखे गए थे, जिनमें से 28 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस दौरान कुल 1 लाख 62 हजार 386 रुपये की राजस्व वसूली की गई। वारासिवनी में आयोजित लोक अदालत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, वार्ड प्रभारी एवं सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 09 मई 2026