नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज की है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इस मुकाबले में फिन एलन ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया, जबकि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देकर टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। मैच के बाद कैमरून ग्रीन ने अपनी फिटनेस और गेंदबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह अब पूरी तरह फिट हैं और टीम के लिए पूरे चार ओवर फेंकने के लिए तैयार हैं। ग्रीन ने कहा कि कोलकाता की टीम का संतुलन काफी मजबूत है और उनके पास कई गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं, जिससे उन्हें गेंदबाजी करने में आसानी होती है। उन्होंने खास तौर पर अनुकूल रॉय की तारीफ करते हुए कहा कि बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर ने मिडिल ओवरों में शानदार गेंदबाजी की है और टीम के आक्रमण को मजबूती दी है। ग्रीन ने बताया कि वह पावरप्ले, मध्य ओवरों और डेथ ओवरों में भी गेंदबाजी करने के लिए तैयार रहते हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में कैमरून ग्रीन ने गेंदबाजी नहीं की थी। पीठ की चोट से उबरने के बाद टीम प्रबंधन उन्हें केवल बल्लेबाज के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। हालांकि अब वह पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने गेंदबाजी करते हुए एक महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया और नितीश राणा को आउट कर टीम को अहम सफलता दिलाई। ग्रीन ने बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि शुरुआती कुछ मैचों में टीम सही संयोजन तलाश रही थी, लेकिन अब खिलाड़ियों की भूमिकाएं स्पष्ट हो चुकी हैं। उनके मुताबिक अब टीम को समझ आ गया है कि किस खिलाड़ी को किस नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। ग्रीन का मानना है कि कोलकाता की टीम अब सही दिशा में आगे बढ़ रही है। इस सीजन वह बल्ले से भी शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 232 रन बनाने के साथ चार विकेट भी हासिल कर चुके हैं। आईपीएल 2026 मेगा ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इतनी बड़ी कीमत को लेकर पूछे गए सवाल पर ग्रीन ने कहा कि उन्हें कभी अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ ने हमेशा उनका समर्थन किया और कीमत को लेकर कभी चर्चा नहीं की। लगातार चार जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ की रेस में दमदार वापसी कर ली है और अब टीम की नजर टॉप-4 में जगह बनाने पर टिकी हुई है। डेविड/ईएमएस 10 मई 2026