राष्ट्रीय
10-May-2026
...


-मां शोभा ने कहा बेटे ने दिया मदर डे पर तोहफा, नई भूमिका पूरा भरोसा चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय के तमिलनाडु के सीएम के रूप में शपथ ग्रहण को लेकर उनके परिवार ने खुशी और गर्व व्यक्त किया। विजय के पिता और वरिष्ठ फिल्म निर्माता एस ए चंद्रशेखर के घर से रवाना होते समय परिवार के सदस्यों ने इस अवसर को ‘‘सपने के सच होने जैसा’’ बताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि यह ‘मदर्स डे’ के दिन हो रहा है। विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने अपने बेटे की नई भूमिका पर अपार विश्वास जताया है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि विजय इस जिम्मेदारी को बहुत अच्छी तरह निभाएंगे। मुझे उन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने ‘मदर्स डे’ के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं भी दीं और इस राजनीतिक उपलब्धि को एक विशेष उपहार बताया। चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले तीन दिनों से समर्थक बेसब्री से इस पल का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज लोगों के लिए बहुत खुशी का दिन है और टीवीके नेता का राज्य की जनता से गहरा जुड़ाव है। सेंट ब्रिट्टो एकेडमी से विजय की पूर्व शिक्षिका विमला ने भी अपनी भावना व्यक्त की। उन्होंने विजय की सफलता का श्रेय उनके ‘‘समर्पण और दृढ़ता’’ के साथ-साथ लोगों के प्रति उनके सच्चे प्रेम को दिया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों से मिले प्यार से हम बेहद खुश और भावुक हैं। विजय की रिश्तेदार कीर्तना और पल्लवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। कीर्तना ने कहा कि पूरा परिवार उनकी इस उपलब्धि पर ‘‘गर्व’’ महसूस कर रहा है और यह उनके पूरे परिवार के लिए सम्मान की बात है। परिवार की मित्र रूपा सारनाथन ने कहा कि ‘मदर्स डे’ पर इस सपने का पूरा होना ‘‘सबसे बड़ा उपहार’’ है। बता दें अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ली। उनका चुनाव अभियान खासकर तमिलनाडु के युवा मतदाताओं के बीच काफी लोकप्रिय रहा। उनका मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की औपचारिक शुरुआत है। सिराज/ईएमएस 10मई26