-विकास और गुणरत्न पर हमलों के बाद बढ़ा सियासी तनाव मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र में शनिवार को हुई दो अलग-अलग स्याही फेंकने की घटनाओं ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी। पहली घटना पुणे के आलंदी क्षेत्र में हुई, जहां राकांपा (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता विकास लवांडे पर कुछ लोगों ने काली स्याही फेंकी। लवांडे ने आरोप लगाया कि कीर्तनकार संग्राम भंडारे और उनके समर्थकों ने उनकी कार रोककर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद वे पुलिस स्टेशन पहुंचकर सत्याग्रह पर बैठ गए। दूसरी घटना जालना में हुई, जहां मनसे कार्यकर्ताओं ने वकील गुणरत्न सदावर्ते की कार को घेरकर उस पर स्याही और सुपारी फेंकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इन अप्रत्याशित घटनाओं के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। हिदायत/ईएमएस 10मई26