राष्ट्रीय
10-May-2026
...


-विपक्षी पार्टियों को चेताया, कहा- कांग्रेस ने हवा बदलते ही पाला भी बदल लिया चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में विजय के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें तमिलनाडु का सीएम बनने पर बधाई दी और साथ ही केंद्र सरकार की तरफ से पूरी मदद करने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- सी जोसेफ विजय को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ लेने पर बहुत बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। केंद्र सकार तमिलनाडु सरकार और वहां के लोगों की भलाई के लिए लगातार काम करती रहेगी। रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु की नई सरकार को बधाई देने के साथ ही एक दूसरे कार्यक्रम में पीएम मोदी कांग्रेस को एक परजीवी पार्टी बताते हुए अन्य विपक्षी पार्टियों को चेताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दशकों तक डीएमके के साथ खड़ी रही, लेकिन हवा बदलते ही उसने पाला भी बदल लिया। कर्नाटक में एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु की मौजूद स्थिति को देखिए। वहां पर पिछले 25 से 30 सालों तक कांग्रेस और डीएमके के बीच घनिष्ठ संबंध रहे। डीएमके के साथ गठबंधन ने कई बार कांग्रेस को संकटों से उबारा। वास्तव में, 2014 से पहले दस सालों तक कांग्रेस का जो शासन चला, वह काफी हद तक डीएमके के समर्थन के कारण ही चला, लेकिन जैसे ही राजनीतिक हवा ने रुख बदला, कांग्रेस ने डीएमके को धोखा दे दिया। अब कांग्रेस को राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए एक और पार्टी की जरूरत है, जिसके सहारे वह आगे बढ़ सके। इससे पहले अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय ने रविवार सुबह चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुए एक भव्य कार्यक्रम में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ ही नौ नए मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस दौरान हजारों की संख्या में समर्थक मौजूद थे। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे। शपथ के साथ ही विजय तमिलनाडु के नौवें सीएम बन गए हैं। अपने पहले ही भाषण में विजय ने साफ कर दिया कि सत्ता का एक ही केंद्र होगा, और वह स्वयं विजय ही होंगे। सिराज/ईएमएस 10मई26