-यूपी कैबिनेट में बेटे को जगह नहीं मिलने से नाराज बृजभूषण लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी में कैबिनेट का विस्तार होना है। इसको लेकर लखनऊ में तैयारी भी चल रही है। इन सबके बीच खबर यह है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह नाराज हैं। माना जा रहा था कि इस कैबिनेट विस्तार में बृजभूषण के बेटे को मंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन अब तक जो खबरें आई है उसके मुताबिक के बृजभूषण के बेटे का नाम मंत्री पद के शपथ लेने वाले नेताओं में नहीं है। इसी बीच बृजभूषण ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अपनी पोस्ट में बृजभूषण शरण सिंह ने साफ तौर पर लिखा है कि शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है, जिस साख पर बैठे हो वह टूट भी सकती है। माना जा रहा है कि इस पोस्ट के जरिए बृजभूषण ने अपनी नाराजगी जाहिर की है, लेकिन आखिर बृजभूषण का यह पोस्ट क्यों आया है, इसको लेकर जानकारी वह खुद दे सकते हैं। फिलहाल उनके इस पोस्ट को योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़ कर देखा जा रहा है। इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से लखनऊ स्थित ‘जन भवन’ में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद राज्य में मंत्रिपरिषद विस्तार की संभावना तेज हो गई हैं। ‘जन भवन’ की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक सीएम योगी ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक “भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा” भेंट की। राज्य में लंबे समय से मंत्रिपरिषद विस्तार की चर्चाएं चल रही हैं और माना जा रहा है कि इस पर जल्द फैसला हो सकता है। पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच राजनीतिक विश्लेषकों का अनुमान है कि यूपी सरकार में भी विस्तार संभव है। उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं जबकि वर्तमान में कुछ मंत्री पद रिक्त हैं। अगले साल 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिपरिषद विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विस्तार रविवार को हो सकता है हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सिराज/ईएमएस 10मई26 -------------------------------