क्षेत्रीय
11-May-2026
...


जशपुर (ईएमएस)। जिले से युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोग युवक को रस्सी से बांधकर डंडों और हाथ-मुक्कों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवक को पकड़कर पहले रस्सी से बांधते हैं और फिर उसकी जमकर पिटाई करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस युवक के साथ मारपीट की गई, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक अक्सर आसपास के लोगों से विवाद करता था और गाली-गलौज भी करता था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया और कथित तौर पर उसे बांधकर उसकी पिटाई कर दी। वीडियो में युवक के साथ जिस तरह मारपीट की गई, उसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना ने कानून-व्यवस्था और भीड़ द्वारा हिंसा की घटनाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। - (ईएमएस) 11 मई 2026