राज्य
11-May-2026


देहरादून (ईएमएस)। पटेलनगर स्थित एक रेस्टोरेंट में सुबह व्यापारियों की भारी भीड़ जुटी। मौका था दुकानदार एवं व्यापार समिति पटेल नगर की नव नियुक्त कार्यकारिणी के सम्मान का। दून उद्योग व्यापार मंडल के दिग्गजों ने नई टीम का स्वागत अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर विशेष आयोजन की अध्यक्षता मनमोहन शर्मा ने की, जबकि मंच का सफल संचालन मोहित भाटिया ने संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल पुरी, संतोष नागपाल, पारस गुप्ता, डीडी अरोड़ा और निशांत का जोरदार अभिनंदन किया गया। इस दौरान अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, मोहित भाटिया, पुरुषोत्तम शाही और मीनाक्षी शर्मा समेत अन्य सभी ने मेहमानों को सम्मानित किया। इस दौरान परंपरा का सम्मान करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सबसे पहले संस्थापक और मुख्य संरक्षक प्रेमचंद दत्ता के निवास पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद मनमोहन शर्मा को अध्यक्ष, गोपाल पुरी को महासचिव और संतोष नागपाल और वरिष्ठ पत्रकार डा. वी डी शर्मा को संरक्षक के रूप में अंग वस्त्र ओढ़ाकर विधिवत कार्यभार की ओर अग्रसर किया गया। इस वसर पर महासचिव गोपाल पुरी ने अपने संबोधन में संगठन के गौरवशाली इतिहास की चर्चा की। उन्होंने बताया कि साल 1980 में स्थापित हुआ दून उद्योग व्यापार मंडल आज 265 इकाइयों वाला विशाल परिवार बन चुका है। पटेल नगर की शाखा पिछले 20 वर्षों से मुख्य संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। पुरी ने मनमोहन शर्मा की कार्यशैली की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि मनमोहन शर्मा वर्षों से एक समर्पित समाज सेवक के रूप में दुकानदारों के हितों की रक्षा कर रहे हैं। व्यापारियों को ऐसे ही नेतृत्व की जरूरत है जो संकट के समय सड़क पर उतरकर संघर्ष कर सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में पटेल नगर इलाके में हुई चोरी की एक वारदात का जिक्र सभा में प्रमुखता से उठा। पदाधिकारियों ने बताया कि कैसे व्यापार मंडल की सक्रियता और आपसी सहयोग के चलते पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर दिया। इस सफलता को व्यापारियों की एकजुटता की बड़ी जीत बताया गया। इस अवसर पर अनेक व्यापारी उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/11 मई 2026