राज्य
11-May-2026
...


:: गुजरात के दाहोद में हुए राष्ट्रीय आयोजन में मिला सम्मान; इंदौर में प्रस्तावित संग्रहालय को सौंपेंगे अपना दुर्लभ सिक्कों का खजाना :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के वरिष्ठ मुद्रा शास्त्री और राष्ट्रीय मुद्रा परिषद के संयोजक गिरीश शर्मा आदित्य की उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। गुजरात के दाहोद में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय मुद्रा प्रदर्शनी के समापन अवसर पर रविवार को उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। यह उनके जीवन का 40वां जीवन गौरव सम्मान है, जो उनकी दीर्घकालीन साधना और मुद्राओं के प्रति समर्पण को दर्शाता है। प्रदर्शनी की आयोजन समिति के सचिव संदीप जैन ने सम्मान समारोह के दौरान बताया कि गिरीश शर्मा आदित्य के पास वर्तमान में डेढ़ लाख से अधिक प्राचीन और दुर्लभ सिक्कों का अनूठा संग्रह है। उनकी विशेषज्ञता का लोहा केवल भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में भी माना जा चुका है। उनके द्वारा लिखित पुस्तकें देश के तमाम संग्राहकों के लिए मार्गदर्शिका का कार्य कर रही हैं। समिति के विराज भार्गव ने बताया कि आदित्य को अब तक 39 लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिल चुके थे और दाहोद में मिला यह सम्मान उनकी उपलब्धियों का 40वां पड़ाव है। :: इंदौर के संग्रहालय को समर्पित करेंगे संग्रह :: सम्मान ग्रहण करने के बाद गिरीश शर्मा आदित्य ने भावुक होते हुए अपना यह अवार्ड देश के समस्त मुद्रा संग्राहकों को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे इंदौर में प्रस्तावित मुद्रा संग्रहालय के लिए अपना संपूर्ण दुर्लभ संग्रह समर्पित कर देंगे। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश शासन और संबंधित विभागों द्वारा इंदौर में एक उपयुक्त स्थान पर जल्द से जल्द इस संग्रहालय की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां इन ऐतिहासिक सिक्कों के माध्यम से भारतीय गौरव को समझ सकें। आयोजन के दौरान देश भर से आए मुद्रा विशेषज्ञों ने आदित्य की इस घोषणा का स्वागत किया। इंदौर के लिए यह गौरव का विषय है कि शहर का एक व्यक्तित्व वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाए हुए है और अपनी विरासत को सार्वजनिक उपयोग के लिए समर्पित करने का जज्बा रखता है। प्रकाश/11 मई 2026