राज्य
11-May-2026


:: 17 मई से शुरू होगा दिव्य अनुष्ठान; प्रतिदिन होगा त्रि-शक्ति का नूतन श्रृंगार, उमड़ेंगे श्रद्धालु :: इंदौर (ईएमएस)। पश्चिमी क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र अन्नपूर्णा आश्रम मंदिर में आगामी पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) के उपलक्ष्य में भक्ति की अविरल धारा बहेगी। आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी विश्वैश्वरानंद गिरी महाराज के सानिध्य में 17 मई से 15 जून तक 108 श्रीमद भागवत मूल पारायण का विशाल आयोजन होने जा रहा है। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों और भागवत की ऋचाओं से गुंजायमान रहेगा। मंदिर के संचालक स्वामी जयेंद्रानंद गिरी ने बताया कि आचार्य कल्याणदत्त शास्त्री के निर्देशन में देश भर से जुटे 108 विद्वान प्रतिदिन दो सत्रों में पारायण करेंगे। अनुष्ठान का समय प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे और दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। आश्रम ट्रस्ट, मंदिर संचालन समिति और भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह अनुष्ठान अधिकमास के धार्मिक महत्व को देखते हुए विशेष रूप से संयोजित किया गया है। :: प्रतिदिन होगा नूतन श्रृंगार :: इस एक माह के दौरान मंदिर में विशेष उत्सव का माहौल रहेगा। पारायण के साथ-साथ प्रतिदिन माता अन्नपूर्णा, माता काली और माता सरस्वती का नित्य नूतन मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। पुरुषोत्तम मास में भागवत श्रवण और दर्शन का विशेष महत्व होने के कारण यहाँ शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तों के जुटने की उम्मीद है। :: पुण्य लाभ लेने का आह्वान :: न्यासी मंडल के प्रमुख विनोद अग्रवाल, टीकमचंद गर्ग, दिनेश मित्तल, पवन सिंघानिया, श्याम सिंघल एवं सत्यनारायण शर्मा ने धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस दुर्लभ और दिव्य आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन और बैठक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अनुष्ठान की पूर्णता 15 जून को विशाल भंडारे और महाआरती के साथ होगी। प्रकाश/11 मई 2026