- सेंसेक्स 500 अंक लुढ़का, निफ्टी 23,600 के स्तर पर मुंबई (ईएमएस)। पश्चिम एशिया में गहराते तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान का सीधा असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर दिखा। निवेशकों में बढ़ती सतर्कता के बीच सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही दबाव में कारोबार करते नजर आए। सुबह के कारोबार में निफ्टी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,716.25 पर पहुंच गया, जबकि सेंसेक्स 0.53 प्रतिशत टूटकर 75,614.93 के स्तर पर आ गया। बाजार पर मुख्य दबाव पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ट्रंप के ईरान को लेकर दिए गए बयान से आया। इस गिरावट की वजह से निवेशकों के लगभग 6 लाख करोड़ रुपये डूब चुके हैं। 11 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने, सोने की खरीदारी और विदेशी यात्रा को लेकर दिए गए बयान के बाद शेयर बाजार में दबाव बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों और कमजोर खपत की चिंता के बीच दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों की करीब 6 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति साफ हो गई है.रिपोर्टों के अनुसार ट्रंप ने एक महीने पुराने ईरान संघर्षविराम को गंभीर खतरे में बताया और ईरान द्वारा दिए गए प्रस्ताव को अस्वीकार्य करार दिया, जिससे क्षेत्र में स्थिति और संवेदनशील हो गई है। वैश्विक अनिश्चितता के इस माहौल में भारतीय निवेशकों ने जोखिम लेने से परहेज किया, जिसका सीधा असर प्रमुख सूचकांकों पर पड़ा। ब्रॉडर मार्केट में भी इसका असर देखने को मिला, जहां निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी क्रमशः 0.01 प्रतिशत और 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। यह संकेत देता है कि पूरे बाजार में फिलहाल दिशाहीनता और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स और बजाज फिनसर्व के शेयर नुकसान में रहे। वहीं भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर में तेजी दर्ज की गई। वहीं एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। सतीश मोरे/12मई ---