मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने आईपीएल में आरसीबी की ओर से खेल रहे विराट कोहली की जमकर प्रशंसा की है। गावसकर ने कहा कि बढ़ती उम्र में भी अपने प्रदर्शन से विराट ने साबित किया है कि उम्र बस एक एक संख्या है और उनका जुनून कभी खत्म नहीं होता। गावस्कर ने कहा कि कि जिस प्रकार से विराट आईपीएल में तेजी से रन बना रहे हैं उससे एक बार फिर उन्होंने दिखाया है कि लक्ष्य का पीछा करने में उनसे बेहतर कोई नहीं है। विराट ने जिस प्रकार से आईपीएल में अपना नौवां शतक लगाया है उससे पता चलता कि युवाओं के बीच भी उनका नंबर एक स्थान बना हुआ है। विराट ने कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में शतकीय पारी खेलने के अलावा जिस प्रकार से टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया है। वह भी दिखाता है कि 37 साल की उम्र में भी उनकी रनों की भूख और क्रिकेट के प्रति समर्पण पहले जैसा ही है। गावस्कर ने कहा, केकेआर के खिलाफ मैच में विराट ने युवाओं को दिखाया कि लक्ष्य का पीछा करते समय पारी का निर्माण कैसे किया जाता है। गावस्कर ने आगे कहा कि जब हर कोई इस सत्र में नई पीढ़ी के बारे में बात कर रहा था, तब कोहली ने अपनी पारी से दिखा दिया कि वह अभी भी मैदान पर मौजूद हैं और उनकी चमक बरकरार है। उन्होंने उन सभी आलोचकों को भी करारा जवाब दिया है जो उनपर संदेह कर रहे थे। गावस्कर के अनुसार, रिकॉर्ड तो टूटने के लिए बनते हैं पर विराट जिस तरह से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, मैच दर मैच, सत्र दर सत्र, उसकी बराबरी करने में किसी को भी बहुत लंबा वक्त लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही युवा सितारे अपने को साबित कर रहे हों पर अनुभवी विराट ने अभी तक अपनी जगह बरकरार रखी है। कोहली ने साबित किया कि पुरानी पीढ़ी अब भी सर्वश्रेष्ठ है। गिरजा/ईएमएस 15मई 2026