खेल
15-May-2026
...


धर्मशाला (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पंजाब किंग्स के खिलाफ यहां हुए मुकाबले में आचार संहित उल्लंघन के लिए मुम्बई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया है। पोलार्ड पर अंपायर के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने के लिए ये जुर्माना लगाया गया है। इस घटना ने जहां मुम्बई इंडियंस की जीत का स्वाद थोड़ा फीका , वहीं दूसरी ओर पोलार्ड के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक और नकारात्मक अंक जुड़ गया है, जो भविष्य में उनके लिए और मुश्किलें खड़ी कर सकता है। यह अप्रिय घटना मुंबई इंडियंस की पारी के 19वें ओवर की है। तब पोलार्ड को चौथे अंपायर के साथ तीखी बहस करते हुए और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए दोषी पाया गया। क्रिकेट के मैदान पर ऐसे व्यवहार को कभी स्वीकार नहीं किया जाता, और मैच रेफरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह जुर्माना लगाया। यह घटना ऐसे समय में हुई जब मुंबई इंडियंस एक बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही थी और मैच काफी रोमांचक मोड़ पर था। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने भले ही शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी हो, लेकिन यह जीत उनके लिए बहुत मायने नहीं रखती। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। टीम अब केवल अपने शेष मैचों में गरिमा के साथ प्रदर्शन कर जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत करने का प्रयास कर रही है, ताकि अगले सीजन के लिए कुछ सकारात्मक गति बना सके। हालांकि, कोच पर लगा यह जुर्माना टीम के लिए एक चिंता का विषय जरूर है, खासकर तब जब वे एक पेशेवर छवि बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। ईएमएस 15मई 2026