मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ खुला। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बाजार में ये तेली दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही टेक शेयरों में खरीददारी हावी होने से आई है। सुबह 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 98 अंक बढ़कर 75,497 पर और 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 41 अंक ऊपर 23,731 के स्तर पर खुला। आज एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार हुआ। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी रही। जापान के निक्केई में 0.89 फीसदी और टॉपिक्स में 1.18 फीसदी की बढ़त रही। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.6 फीसदी से उछलकर रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया, जबकि कोस्डैक 0.4 फीसदी गिरा। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स नीचे आये। वहीं गिफ्ट निफ्टी 23,690 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 10 अंकों की कमी है, जो भारतीय शेयर बाजार के लिए सपाट शुरुआत का संकेत देता है। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। एसएंडपी 500 और नैस्डैक रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 370 अंक बढ़कर 50,063 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 56.99 अंक बढ़कर 7,501 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 232 अंक बढ़कर 26,635 पर बंद हुआ। एनवीडिया के शेयर में 4.39 फीसदी की उछाल दर्ज की गई। एएमडी के शेयर 0.94 फीसदी उछले जबकि, क्वालकॉम के शेयर 6.14 फीसदी नीचे आये। इंटेल के शेयर की कीमत में 3.62 फीसदी और माइक्रोन टेक्नोलॉजी के शेयर में 3.44 फीसदी की गिरावट रही, जबकि सिस्को के शेयर 13.4 फीसदी उछले। ईएमएस 15मई 2026