- हाईकोर्ट के डिजिटल जस्टिस सेमिनार में होंगे शामिल: सीएम यादव और कानून मंत्री मेघवाल भी रहेंगे मौजूद जबलपुर (ईएमएस)। देश के प्रधान न्यायाधीश समेत सुप्रीमकोर्ट के 9 न्यायाधीश शनिवार को संस्कारधानी जबलपुर पहुंचेंगे, जहां वे मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत होंगे। विखंडन से एकीकरण तक: एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म एकीकरण के माध्यम से न्याय के सशक्तीकरण विषय पर आधारित यह सेमिनार नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर में शनिवार सुबह 10:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मप्र उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह के अनुसार सेमिनार में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस जितेन्द्र कुमार माहेश्वरी, जस्टिस पीएस नरसिम्हा, जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा, जस्टिस पीबी वारले, जस्टिस एन कोटेश्वर सिंह, जस्टिस आर महादेवन, जस्टिस मनमोहन, जस्टिस आलोक अराधे शिरकत करेंगे। इसके अलावा म.प्र. उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा सहित सभी न्यायाधीश भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। न्यायपालिका के डिजिटल भविष्य पर होगी चर्चा :- सेमिनार में न्यायपालिका में डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-कोर्ट सिस्टम, डेटा इंटीग्रेशन और तकनीक आधारित न्याय व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। माना जा रहा है कि यह आयोजन भविष्य की डिजिटल न्याय प्रणाली की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। अजय पाठक / मोनिका / 15 मई 2026 / 02.27