क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- भागते समय बाइक सवार को भी रौंदा - आरोपी फरार कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अप्पू गार्डन के पास एक कार ने पहले एक्टिवा सवार दो युवतियों को टक्कर मारी। फिर भागते समय एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि वाहन छतिग्रस्त हो गए। घायल युवतियों की पहचान पूजा कंवर और किरण वैष्णो के रूप में कि गयी। दोनों एक्टिवा से किसी निज कार्य हेतु जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे में एक्टिवा वाहन भी बुरी तरह छतिग्रस्त हो गया। उक्त घटित हादसे के उपरांत वाहन चालक रुका नहीं और घटना स्थल से फरार हो गया। फरार होने के दौरान कथित आरोपी वाहन चालक ने सामने से आ रही एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि बाइक सवार को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया। दो वाहनों को टक्कर मारने के उपरांत वाहन चालक कार लेकर घटना स्थल से फरार हो गया। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। घायल पूजा कंवर और किरण वैष्णो को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सको ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर फरार कार और उसके वाहन चालक की तलाश की जा रही है। 15 मई / मित्तल