- मोटर खराब, वाटर कूलर बंद, फिल्टर एक साल से खराब - भीषण गर्मी में अधिकारियों की लापरवाही उजागर कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार जिला पंचायत संसाधन केंद्र, कोरबा में पिछले 15 से 20 दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच भवन में पानी की गंभीर समस्या से कर्मचारी, फरियादी, जनप्रतिनिधि और आम लोग परेशान हैं। बताया जा रहा है कि भवन की पानी आपूर्ति करने वाली मोटर पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हुई है, जिसके कारण वाटर कूलर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। स्थिति यह है कि संसाधन केंद्र में आने वाले लोगों को ठंडा पानी तक नसीब नहीं हो रहा। वहीं, वाटर कूलर का फिल्टर भी पिछले लगभग एक वर्ष से खराब बताया जा रहा है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा इसे सुधारने की कोई पहल नहीं की गई। इस भवन में बिहान योजना के अंतर्गत संचालित कैंटीन में प्रतिदिन जिले के अधिकारी, कर्मचारी, फरियादी, सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि सहित सैकड़ों लोग भोजन करने पहुंचते हैं। पानी की किल्लत के कारण कैंटीन संचालित करने वाली महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार समूह की महिलाएं जिला पंचायत परिसर में लगे बोर से अस्थायी पाइप जोड़कर किसी तरह कैंटीन का काम चला रही हैं। कैंटीन में भोजन करने वाले लोगों को हाथ धोने से लेकर पीने के पानी तक के लिए दिक्कत उठानी पड़ रही है। भवन के भीतर स्थित बाथरूम भी पानी के अभाव में सूखे पड़े हुए हैं, जिससे लोगों को जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और आने-जाने वालों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी अपने वातानुकूलित कमरों में बैठे हैं, लेकिन आम लोगों की मूलभूत समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। भीषण गर्मी में पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा का ठप होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। 15 मई / मित्तल