नई दिल्ली (ईएमएस)। देशभर में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला किया है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने आम जनता से वसूली शुरू कर दी है, इस वूसली से महंगाई का बढ़ना तय है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पोस्ट में कहा कि वर्षों तक जब अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें कम थीं, तब भी कांग्रेस ने लगातार यह मांग की थी कि इसका लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाए और घरेलू कीमतों में कमी की जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उपभोक्ताओं को लूटा गया। उन्होंने कहा कि अब जब प्रधानमंत्री मोदी के करीबी दोस्तों अमेरिका और इजरायल की ओर से पश्चिम एशिया में शुरु किए गए कथित युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें बढ़ रही हैं और विधानसभा चुनाव भी खत्म हो गए हैं, तब केंद्र सरकार ने पहले वाणिज्यिक एलपीजी और अब पेट्रोल व डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। उनका अनुमान है कि इससे चालू वित्त वर्ष में महंगाई करीब 6 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी और विकास दर के अनुमान भी काफी कम हो जाएंगे। कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी हमला कर लिखा गया, महंगाई मैन मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए महंगा किया गया, वहीं सीएनजी के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए। चुनाव खत्म-वसूली शुरू। बता दें कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपए से अधिक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि सीएनजी के दामों में 2 रुपए का इजाफा हुआ है। नए रेट के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 97.77 रुपए हो गई है, जबकि डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 90.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली में सीएनजी की नई दर 79.09 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। आशीष दुबे / 15 मई 2026