राष्ट्रीय
15-May-2026


योगी के निर्देंश, 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचे लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में बीते 36 से 48 घंटों के दौरान आए भयंकर आंधी-तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने से व्यापक तबाही हुई है। 13 और 14 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक कहर ने 111 लोगों की जान ले ली, जबकि 72 अन्य घायल हो गए। इस भीषण त्रासदी में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, जिसकी गूंज विदेशों तक पहुंची है और कई वैश्विक नेताओं ने इस पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुखद घटना पर रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। क्रेमलिन द्वारा जारी बयान के अनुसार, पुतिन ने प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति सहानुभूति जताकर और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने उत्तर प्रदेश में चक्रवात से हुई भारी क्षति और जानमाल के नुकसान पर अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए पीड़ितों के परिवारों और मित्रों को समर्थन का संदेश भेजा। सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने एक्स के माध्यम से बरेली सहित प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना की। इसी क्रम में, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्रालय ने भी बयान जारी कर भारत के प्रति एकजुटता दिखाते हुए इस भीषण तूफान से हुई मौतों और नुकसान पर गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई क्षति का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करने और 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, राज्य में 111 मौतों के साथ-साथ 170 पशुओं की हानि हुई और 227 घरों को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी ने सभी संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को घटनाओं की पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच करने, प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित करने और उन्हें तत्काल वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने का आदेश दिया। राहत आयुक्त कार्यालय जिला अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और आवश्यक धन उपलब्ध करा रहा है। सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने और बीमा कंपनियों के साथ-साथ राजस्व व कृषि विभाग को नुकसान का सर्वेक्षण कर सरकार को रिपोर्ट सौंपने का भी आदेश दिया। आंधी-तूफान और बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में प्रयागराज में 26, भदोही में 16, फतेहपुर में नौ, बदायूं में पांच, प्रतापगढ़ में चार, चंदौली और कुशीनगर में दो-दो तथा सोनभद्र में एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई। कानपुर देहात और देवरिया में भी बिजली गिरने से दो-दो लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर पेड़ गिरने, मकानों, शेडों और दीवारों के ढहने से यह जनहानि हुई। राज्य सरकार स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आशीष दुबे / 15 मई 2026