इंफाल,(ईएमएस)। मणिपुर में जारी जातीय तनाव के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। कुकी और नगा समूहों ने शुक्रवार को 28 बंधकों को रिहा कर दिया। यह रिहाई यूनाइटेड नगा काउंसिल (यूएनसी), विभिन्न सिविल सोसाइटी संगठनों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद संभव हो सकी। हालांकि दोनों पक्षों से छह लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्षों ने 14-14 लोगों को छोड़ा है। नगा पक्ष की ओर से इरेंग लियांगमई गांव और सेनापति जिले के आसपास हिरासत में रखे गए पुरुषों और महिलाओं को रिहा किया गया। वहीं कुकी पक्ष ने भी 14 लोगों को छोड़ा, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं। बताया गया कि इन महिलाओं को लेइलोन वैफेई गांव में कथित रूप से हिरासत में रखा गया था। इसके अलावा डिमापुर स्थित सेल्सियन प्रोविंशियल ऑफिस से जुड़े दो लोगों को भी रिहा किया गया, जिन्हें सापरमेइना इलाके में रोके जाने की सूचना थी। हालांकि लेइलोन वैफेई गांव में कथित तौर पर हिरासत में रखे गए छह पुरुषों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां उनकी तलाश में जुटी हैं। सूत्रों का कहना है कि कुछ अन्य लोग भी अब तक हिरासत में हो सकते हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हिदायत/ईएमएस 15मई26