श्योपुर ( ईएमएस ) शुक्रवार सुबह तरबूज खाने के बाद एक पिता की मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। सीने में जलन की शिकायत के बाद पिता-पुत्र ने तरबूज खाया था। मामले में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। सुसनेर, शाजापुर निवासी इंद्र सिंह परिहार (43), बेटे विनोद (21) के साथ श्योपुर में रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में रहते थे। इंद्र सिंह ड्राइवर थे। परिजनों ने बताया कि रात के समय खाना खाने के बाद उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद सुबह करीब 6 बजे इंद्र सिंह और विनोद दोनों को दोबारा सीने में जलन महसूस हुई। ठंडाई के लिए दोनों बाप बेटे ने तरबूज खाया। तरबूज खाने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए। इंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कोटा रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। बेटे की हालत भी गंभीर बनी हुई है।