क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- वार्डों में निरीक्षण एवं जन जागरूकता अभियान तेज कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के निर्धारित मानकों के अनुरूप शहर की स्वच्छता व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने हेतु नगर निगम कटनी द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों द्वारा विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन एवं जनसहभागिता गतिविधियों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाया जा सके। नगर निगम की स्वच्छता टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों से सीधे संपर्क कर स्वच्छता आधारित फीडबैक भी लिया जा रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 13 वेंकट वार्ड स्थित नरेन्द्र गली में नगर निगम की आईईसी टीम द्वारा स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से रहवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घर एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सहभागी बनने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 11 पेठा गली में होम कम्पोस्टिंग गतिविधि आयोजित कर नागरिकों को घर पर जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही रहवासियों को ट्विन बिन के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण का महत्व समझाया गया। निगम प्रशासन द्वारा बताया गया कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रमुख मानकों में शामिल है, जिसके प्रभावी क्रियान्वयन से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। ईएमएस / 15/05/2026