गुमला (ईएमएस)। झारखंड के गुमला के सीलम स्थित रिमांड होम से तीन किशोर दीवार फांदकर फरार हो गए। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बताया गया कि किशोरों ने चादर को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और दीवार पर लगे लोहे के एंगल में फंसाकर भागने में सफलता हासिल की। सुबह जब रिमांड होम में बच्चों की गिनती की गई, तब तीन किशोरों के गायब होने का पता चला। इससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मची और तुरंत इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने वहां मौजूद अन्य किशोरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। प्राथमिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। फरार हुए किशोरों में दो लोहरदगा जिले के जबकि एक घाघरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया है। प्रशासन का कहना है कि फरार किशोरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा, वहीं घटना के बाद रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात भी कही जा रही है। आशीष दुबे / 15 मई 2026