क्षेत्रीय
15-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के विक्रोली इलाके से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बेकरी मालिक पर 13 वर्षीय बच्ची को खाने-पीने का लालच देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी नफीस अहमद अब्दुल रहमान उर्फ सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पार्कसाइट इलाके में बेकरी चलाता है। पीड़ित बच्ची अक्सर उसकी दुकान पर खाने का सामान लेने जाती थी। इसी पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर बेकरी के पीछे स्थित घर में ले जाकर उसके साथ 3 से 4 बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी, ताकि वह किसी को इस बारे में न बताए। कुछ दिनों पहले बच्ची के पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर गए। मेडिकल जांच में बच्ची के गर्भवती होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। यह जानकर परिवार को गहरा सदमा लगा। बच्ची को तुरंत राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उधर घटना की जानकारी मिलते ही पार्कसाइट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।