क्षेत्रीय
15-May-2026
...


अयोध्या (ईएमएस)। यूपी के अयोध्या में 23 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार घटना बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के सरेसर चवरढार गांव की है। गांव निवासी दिलीप दुबे के पुत्र अभिषेक दुबे (23) की हत्या हुई है। बताया गया कि बीती देर शाम कोतवाली क्षेत्र के चौरे बाजार कनिवा मोतीगंज मार्ग के किनारे विट्ठलपुर के समीप वह मरणासन्न अवस्था में पड़ा मिला था। शरीर पर जगह-जगह गंभीर जख्म के निशान थे। सड़क से आने-जाने वाले लोगों ने समझा कि कोई शराब पीकर पड़ा है। लेकिन, बाद में गहरे जख्म के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मोतीगंज चौकी और कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बीकापुर भेजा। वहां पर हालत नाजुक देखकर चिकित्सक एस.के मौर्य ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चिकित्सक एस.के मौर्य ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के गहरे जख्म थे। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता दिलीप दुबे, छोटे भाई अविनाश दुबे और मां गुड्डन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रधान अनिल तिवारी ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था। वह अभी अविवाहित था। पिता खेती करते हैं। मृतक के छोटे भाई अविनाश दुबे ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि उनका बड़ा भाई अभिषेक दुबे करीब एक महीने पहले घर से रिश्तेदारी जाने के लिए निकला था। बाइक सवार दो अज्ञात आरोपियों द्वारा पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीती शाम कनवा मार्ग किनारे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर चोट होने के चलते जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। युवक की हत्या का मामला दर्ज करके पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जितेन्द्र 15 मई 2026