ट्रेंडिंग
16-May-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर सीधा संदेश दिया है। उन्होंने दो टूक चेतावनी देकरा कहा है कि यदि पाकिस्तान आतंकवादियों को संरक्षण देना और भारत के खिलाफ अपनी आंतकी गतिविधियां जारी रखता है, तब पाकिस्तान को यह स्वयं तय करना होगा कि वह भूगोल और इतिहास का अभिन्न अंग बना रहना चाहता है या नहीं। सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी की यह गंभीर टिप्पणी ‘सेना संवाद’ कार्यक्रम में सामने आई है। इस चेतावनी ने निश्चित रूप से पाकिस्तान के भीतर हड़कंप मचा दिया होगा और आतंकवाद के प्रति भारत के जीरो-टॉलरेंस रुख को फिर स्पष्ट किया है। दरअसल, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा 6-7 मई 2025 की देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में किया गया महत्वपूर्ण और जोखिम भरा सैन्य अभियान था। यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम, जम्मू-कश्मीर में हुए बर्बर आतंकवादी हमले का करारा जवाब थी, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस मिशन को ऑपरेशन सिंदूर नाम पीड़ित महिलाओं और उनके परिवारों को न्याय दिलाने तथा उनके गहरे घावों का सम्मान करने के लिए दिया गया था। ऑपरेशन सिंदूर में, भारतीय सेना ने अपनी स्वदेशी हाई-टेक प्रणालियों और मिसाइलों का कुशलता से उपयोग कर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत (जैसे बहावलपुर) और पीओके में छिपे आतंकवादियों के नौ लांच पैड और ठिकानों को सिर्फ 25 मिनट के अंदर ध्वस्त किया था। यह एक सटीक और निर्णायक हमला था जिसने सीमा पार आतंकवाद को बड़ा झटका दिया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि में 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुआ भीषण आतंकवादी हमला था। इस दिन, सैन्य वर्दी में आए आतंकवादियों ने खुले मैदान में पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे एक भयानक नरसंहार हुआ। इस नृशंस हमले में कुल 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी, जिसमें मुख्य रूप से भारत के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक और दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। आशीष दुबे / 16 मई 2026