15-May-2026
...


- राजस्व सेवाएं सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर, नामांतरण बटवारा एवं सीमांकन की ली जानकारी अशोकनगर (ईएमएस)। कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा शुक्रवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक ली गई। इस दौरान उन्होने जिले के नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होने कहा कि राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों का निपटारा समय सीमा में करें। बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व वसूली, अविवादित प्रकरणों के निराकरण, भू-अभिलेख सुधार तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से जुड़ा विभाग है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। विशेष रूप से नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा जैसे प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नियमित रूप से राजस्व न्यायालय लगाये जाने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में भू-राजस्व वसूली, गिरदावरी, ई-केवाईसी, भू-अभिलेखों के अद्यतन, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण तथा फील्ड निरीक्षण की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राजस्व अधिकारियों एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विस्फोटक अधिनियम के अनुपालन के संबंध में उचित कार्यवाही की जाए। साथ ही रिहायशी इलाकों में पटाखों का संग्रहण न हो, इस हेतु भ्रमण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कार्यवाही किये जाने के निर्देश नगरीय निकायों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि वर्षाकाल से पूर्व अपने-अपने क्षेत्र में ग्रामों का भ्रमण कर ऐसे स्थानों का चिन्हांकन किया जायें, जहां जल भराव की स्थिति निर्मित होती आई है। ऐसे स्थानों पर जल निकासी की उचित व्यवस्थाएं कराई जायें, अपने-अपने राजस्व क्षेत्र में पंचायतों से समन्वय कर नालों की साफ-सफाई तथा जल निकासी के प्रबंध सुनिश्चित किये जायें। बैठक में अपर कलेक्टर डीएन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सोनम जैन, आरबी सिण्डोस्कर सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस / दिनांक 15/5/026