15-May-2026
...


- स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार और डिजिटल साक्षरता पर आयोजित हुई कार्यशाला, उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान मण्डला (ईएमएस)। देवरी/नारायणगंज-ग्राम पंचायत देवरी में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक दिवसीय डिजिटल साक्षरता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने महिलाओं को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी देते हुए डिजिटल साक्षरता के महत्व को समझाया। उन्होंने शासन की विभिन्न कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित पौष्टिक आहार पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी शिखा श्रीवास्तव ने महिलाओं को नि:शुल्क विधिक सहायता, हिट एंड रन योजना, आशा योजना एवं पीड़ित प्रतिकर योजना की जानकारी दी। उन्होंने टोल-फ्री नंबर 15100 एवं वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में बताते हुए घरेलू हिंसा से सुरक्षा के कानूनी उपायों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने पर श्रीमती ममता यादव एवं श्रीमती माया बाई झरिया को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता बर्मन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कमला धुर्वे, सहायिका श्रीमती सुखिया बर्मन, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं। ईएमएस / 15/05/2026