12 सत्रों में प्रदेश के वरिष्ठ वक्ता करेंगे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन खरगोन (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग रविवार से राधा रिसोर्ट में होगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत होने वाले इस प्रशिक्षण की औपचारिक शुरुआत शनिवार प्रदर्शनी शुभारंभ के साथ होगी। शाम 4 बजे प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, सांसद गजेंद्र पटेल, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, बड़वाह विधायक सचिन बिरला, वर्ग प्रभारी एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनोज लधवे सहित अन्य पदाधिकारी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। जिलाध्यक्ष श्रीमती ब्राह्मणे कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित की भावना के साथ इस प्रशिक्षण में शामिल होकर वक्ताओं द्वारा दिए जाने वाले मार्गदर्शन को धैर्य के साथ सूने और इसे अपने-अपने क्षेत्र तक पहुंचाए, जिससे जमीनी स्तर तक संगठन के विचार, कार्ययोजना पहुंचे। जिला कार्यालय प्रभारी शालिनी रतोरिया, जिला कार्यालय मंत्री विजय पटेल ने बताया पंडित दिनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण निमित्त लगाई गई प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिला स्तर पर हुए विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कांतिलाल कर्मा ने प्रशिक्षण को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है। लगातार बैठकें लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रुप दिया गया। 17 एवं 18 मई को जिला प्रशिक्षण वर्ग पूर्ण रुप से आवासीय होगा। कार्यकर्ताओं का आवास एवं भोजन व्यवस्था प्रशिक्षण स्थल पर ही रहेगी। दो दिवसीय प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों पर 12 सत्रों में आमंत्रित वक्ता वैचारिक प्रशिक्षण देंगे। इस प्रशिक्षण में केवल अपेक्षित कार्यकर्ता आमंत्रित किए गए है। ईएमएस / 15/05/2026