मुंबई (ईएमएस)। अपने चर्चित टॉक शो फेमसली फिट विद सोफी को लेकर गायिका और अभिनेत्री सोफी चौधरी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो को दर्शकों की मिल रही शानदार प्रतिक्रिया ने सोफी को बेहद भावुक कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने अपनी टीम, मेहमानों और दर्शकों का दिल से आभार व्यक्त किया। सोफी चौधरी ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह बॉलीवुड सितारों और अपनी टीम के साथ नजर आ रही हैं। पोस्ट में उन्होंने बताया कि इस शो को शुरू करने का मकसद केवल मनोरंजन करना नहीं था, बल्कि लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और मशहूर हस्तियों के जीवन से जुड़ी असली कहानियों को सामने लाना भी था। उन्होंने कहा कि शो को दर्शकों से जिस तरह का प्यार मिल रहा है, वह उनके लिए बेहद खास और भावुक कर देने वाला अनुभव है। अभिनेत्री ने लिखा कि उन्होंने हमेशा चाहा था कि यह शो लोगों को प्रेरित करे, उनका मनोरंजन करे और साथ ही सेलिब्रिटीज के जीवन के उन पहलुओं को सामने लाए, जिनके बारे में आमतौर पर लोग नहीं जानते। उन्होंने माना कि इस सफलता के पीछे दर्शकों का प्यार और उनकी पूरी टीम की मेहनत सबसे बड़ी वजह है। सोफी ने अपने शो में आने वाले सभी मेहमानों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हर कलाकार ने अपनी जिंदगी से जुड़ी सच्ची बातें, अनुभव और भावनाएं बेहद ईमानदारी से साझा कीं, जिसने हर बातचीत को खास बना दिया। उनके अनुसार, इन चर्चाओं ने शो को केवल एक फिटनेस चैट शो नहीं रहने दिया, बल्कि इसे एक भावनात्मक और प्रेरणादायक मंच बना दिया। सोफी चौधरी ने कैमरे के पीछे काम करने वाली पूरी प्रोडक्शन टीम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने विशेष रूप से गौरव, पवनीत, साहिल, पवन और पूरी टीम का नाम लेते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के बिना यह शो संभव नहीं हो सकता था। साथ ही उन्होंने अमेजन ब्रैंड्स और एमएक्स प्लेयर के सहयोग के लिए भी आभार जताया। अभिनेत्री ने अपनी निजी टीम का जिक्र करते हुए कहा कि तनीषा और अंशिका ने हर कदम पर उनका साथ दिया। उन्होंने अपने लंबे समय से फिटनेस ट्रेनर प्रशांत बंदल का भी धन्यवाद किया, जो उन्हें फिट और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करते रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 16 मई 2026