ट्रेंडिंग
16-May-2026
...


ब्रिक्स बैठक पर हुई पत्रकार वार्ता में भड़के रूसी विदेश मंत्री नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का एक बेहद कड़क और आक्रामक अंदाज देखने को मिला है। अपने सख्त तेवरों के लिए दुनिया भर में मशहूर लावरोव एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीच में ही अचानक गुस्से से लाल हो गए और सुरक्षाकर्मियों द्वारा ‘गन निकालने’ तक की बात कह दी। रूसी विदेश मंत्री के इस रौद्र रूप को देखकर प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में मौजूद तमाम देशों के पत्रकार और अधिकारी पूरी तरह सन्न रह गए। दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सर्गेई लावरोव ब्रिक्स से जुड़े एक बेहद गंभीर और रणनीतिक मुद्दे पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उसी दौरान हॉल में मौजूद एक पत्रकार ने अपने मोबाइल फोन पर ऊंची आवाज में बात करना शुरू कर दिया, जिससे लावरोव के संबोधन में बाधा उत्पन्न हुई। पहली बार में रूसी विदेश मंत्री ने इसे नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब उस पत्रकार ने दोबारा फोन पर तेज आवाज में बात करना जारी रखा, तो लावरोव का पारा चढ़ गया और उन्होंने सीधे उस पत्रकार को निशाने पर ले लिया। लावरोव ने उस पत्रकार की आंखों में सीधे देखते हुए बेहद सख्त लहजे में कहा, क्या आप यहां से जा सकते हैं? मैं मजाक नहीं कर रहा हूं, कृपया तुरंत यहां से बाहर जाइए। रूसी विदेश मंत्री के इस कड़े रुख के बाद भी जब वह पत्रकार हॉल से बाहर जाने में आनाकानी करने लगा, तब लावरोव ने सुरक्षाकर्मियों की तरफ इशारा करते हुए उसे अंतिम चेतावनी दी। उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा, अगर आपने अभी अपना फोन नहीं सौंपा, तो सुरक्षाकर्मी गन निकाल सकते हैं, आपको इस बात का अंदाजा है ना? यह सुनते ही उस पत्रकार के होश उड़ गए। कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस तरह की अनुशासनहीनता को शिष्टाचार का बड़ा उल्लंघन माना जाता है। सर्गेई लावरोव दशकों से रूस के विदेश मंत्री हैं और उन्हें राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का सबसे भरोसेमंद सिपहसालार माना जाता है। वह पहले भी कई वैश्विक मंचों पर पश्चिमी देशों के दिग्गजों और पत्रकारों को अपने तीखे बयानों से चुप करा चुके हैं। इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि लावरोव के सामने अनुशासनहीनता की कोई गुंजाइश नहीं है। वीरेंद्र/ईएमएस/16मई 2026