क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- जनता परेशान, विभाग पर लापरवाही के आरोप बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में इन दिनों बिजली की समस्या से जनता परेशान है। हल्की आंधी-बारिश के बाद घंटों बिजली बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार को बी.आर. यादव नगर के वार्ड क्रमांक 49 स्थित बहतराई के नाग-नागिन तालाब मोहल्ले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट की समस्या से लोग परेशान हैं। रहवासियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार को बिजली तार टूटने के बाद चार दिन में मरम्मत की गई, लेकिन बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक और फिर शुक्रवार सुबह से बिजली गुल रही। लोगों का कहना है कि बिना हवा-तूफान के भी बार-बार बिजली बंद हो रही है, जिससे गर्मी में हालात और खराब हो गए हैं। मंगला, दीनदयाल कॉलोनी में भी लोग परेशान शुक्रवार सुबह तेज आंधी और बारिश के बाद कई जगह पेड़ और डालियां बिजली तारों पर गिर गईं, जिससे मंगला क्षेत्र, अल्का एवेन्यू, दीनदयाल कॉलोनी, अभिषेक विहार और अभिषेक नगर सहित कई इलाकों में घंटों बिजली बंद रही। बिजली गुल होने से पानी सप्लाई भी प्रभावित हो गई और लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी। सांप-बिच्छू और हादसे का डर अंधेरे के कारण मोहल्ले में सांप-बिच्छू निकलने का खतरा बढ़ गया है। रहवासियों का कहना है कि जर्जर तार कभी भी बड़ा हादसा करा सकते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। बिजली बंद होने से मोटर पंप नहीं चलने के कारण पेयजल का संकट भी बढ़ता जा रहा है। मनोज राज 16 मई 2026