- सुसाइड में प्रेमी और उसकी दो बहनों को मौत का जिम्मेदार बताया दतिया ( ईएमएस ) जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह ग्वालियर में रहकर पीएचडी कर रही थी। उसने एक पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें प्रेमी और उसकी दो बहनों को मौत का जिम्मेदार बताया है। युवती ने ब्लैकमेलिंग, धमकी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। परिजन के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे युवती घर में अपने कमरे से ऊपर छोटे भाई के कमरे में गई और दुपट्टे से फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो वह फंदे पर लटकी मिली। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। परिजन के अनुसार, ग्वालियर में युवती की पहचान पचोखरा निवासी योगेश रावत से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। आरोप है कि 13 मार्च को योगेश युवती को ग्वालियर के फूलबाग चौराहे से एक होटल ले गया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। परिजन का कहना है कि बाद में युवती के गर्भवती होने पर उसने शादी का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी मुकर गया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है |