क्षेत्रीय
16-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । स्मार्ट सिटी ग्वालियर द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए आम नागरिकों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर में तेज धूप और अत्यधिक तापमान के बीच लोगों को ट्रैफिक सिग्नलों पर लंबे समय तक रुकने से राहत देने के उद्देश्य से 1 मई से शहर के 5 प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक ब्लिंकर मोड पर संचालित किया जा रहा है। यह व्यवस्था ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार लागू की गई है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही अनेक सिग्नल पर टाइमिंग भी कम कर दी गई है। स्मार्ट सिटी अधिकारियों के अनुसार दोपहर के समय तापमान काफी अधिक होने के कारण वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकने में कठिनाई होती है। ऐसे में ब्लिंकर व्यवस्था से यातायात भी सुचारु रहेगा और आमजन को राहत भी मिलेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि ब्लिंकर मोड के दौरान भी यातायात नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि सड़क सुरक्षा बनी रहे। इन प्रमुख चौराहों पर लागू हुई व्यवस्था ब्लिंकर मोड पर संचालित किए जा रहे ट्रैफिक सिग्नलों में शामिल हैं— नदी गेट कटोराताल पिंटो पार्क यूनीपेच (Unipetch) ब्रिगेडियर तिराहा