- सिंधिया-गडकरी मुलाकात के बाद भी रोड अधूरी - डबल लेन प्रस्ताव पर केंद्र-राज्य की चुप्पी, मैरिजों हॉल से रोज लगता है जाम शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र के पुराने बायपास-सर्कुलर रोड को रिंग रोड में बदलकर डबल लेन बनाने का प्रस्ताव एक साल से ठंडे बस्ते में है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्थानीय विधायकों व भाजपा नेताओं के साथ करीब एक साल पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मुलाकात कर इसका प्रस्ताव रखा था, लेकिन अब यह प्रस्ताव किस स्तर पर है, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है।पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि शिवपुरी के पुराने बायपास को रिंग रोड के रूप में डबल लेन बनाने का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। लेकिन भोपाल और दिल्ली से अभी तक कोई स्वीकृति नहीं मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुराना सर्कुलर रोड-बायपास डबल लेन हो जाए तो शहर के यातायात का दबाव कम होगा। लोगों की डिमांड- डबल लेन बनाया जाए- अभी इस रोड के आसपास कई मैरिज हॉल बन गए हैं। साथ ही शहर में बड़ी संख्या में वाहनों की संख्या में भी वृद्धि हुई है इसलिए इस रोड को डबल लेन में बदला जाता है तो शहर में अन्य रोड पर जो यातायात का दबाव है वह कम होगा। अभी यहां पर शादी-ब्याह के सीजन में रोजाना चक्काजाम की स्थिति बनती है। एंबुलेंस तक फंस जाती हैं। स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वालों को भारी परेशानी होती है। रहवासियों ने मांग की है कि रिंग रोड को जल्द डबल लेन बनाया जाए। दिल्ली स्तर पर लटकी है फाइल- शहर का ट्रैफिक लगातार बढ़ रहा है। सिंगल रोड पर वाहनों का दबाव झेलना मुश्किल हो गया है। पुराने बायपास को रिंग रोड के रूप में विकसित करने से एबी रोड पर भी भार कम होगा और शहर के अंदर भारी वाहनों की एंट्री रुकेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मानते हैं कि प्रस्ताव पर जल्द निर्णय होना चाहिए। एक साल पहले केंद्रीय मंत्री स्तर पर चर्चा के बाद भी फाइल आगे नहीं बढ़ी है। लोगों ने सांसद सिंधिया से दोबारा पहल कर केंद्र से स्वीकृति दिलाने की मांग की है। अभी तक कोई स्वीकृति नहीं मिली- पीडब्ल्यूडी पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर मनोज अग्रवाल ने बताया कि हमने इस रोड का डबल लेन में बनाने का प्रस्ताव भोपाल व दिल्ली भेज दिया है। केंद्रीय मंत्री के कार्यालय को भी इसकी जानकारी भेज दी है लेकिन अभी तक इस रोड के लिए कोई स्वीकृति नहीं मिली है। अधिकारियों ने बताया कि रोड को डबल लेन करने का प्रस्ताव बना लिया गया है लेकिन बजट आवंटन के बिना काम शुरू नहीं हो सकता। जब तक स्वीकृति नहीं मिलती, टेंडर प्रक्रिया भी शुरू नहीं होगी। रंजीत गुप्ता/ईएमएस/16/05/2026