क्षेत्रीय
16-May-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” अभियान के अंतर्गत जबलपुर रेलवे स्टेशन पर चार नाबालिग बालकों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जबलपुर के उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक हरिओम सिंह, आरक्षक अरुण यादव, आरक्षक पंकज सिंह, आरक्षक देवी शंकर पांडे तथा स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) संजय जायसवाल द्वारा जबलपुर स्टेशन प्लेटफॉर्म पर गश्त के दौरान चार नाबालिग बालक लावारिस अवस्था में भीख मांगते हुए पाए गए। पूछताछ करने पर बालकों द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया, जिसके पश्चात उन्हें रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया। विस्तृत पूछताछ में बच्चों ने घर से भागकर जबलपुर स्टेशन आने एवं यहां भीख मांगने की बात स्वीकार की। सभी बालकों की आवश्यक कागजी कार्रवाई एवं चिकित्सीय परीक्षण कर उन्हें बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), गोकलपुर, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा जारी निर्देशानुसार चारों बच्चों को शासकीय बाल गृह, गोकलपुर में नियमानुसार सुपुर्द कर सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया। ईएमएस / 16 मई 2026