क्षेत्रीय
16-May-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस)l सुठालिया पुलिस ने अवैध गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से कार में गैस भरते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गैस सिलेंडर, मोटर और कार सहित करीब 3.70 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया है। थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि पुलिस टीम को बाजार ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि नालाझिरी रोड स्थित पशु बाजार के पास एक व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से वाहन में गैस भर रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति मोटर की मदद से घरेलू सिलेंडर से कार में गैस भरता मिला। गैस रिसाव होने से आसपास तेज गंध फैल रही थी और बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुठालिया के नालाझिरी निवासी शंभु पुत्र विक्रम सिंह राजपूत बताया। आरोपी गैस रिफिलिंग से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने जरूरी वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो खाली और एक भरा घरेलू गैस सिलेंडर, गैस भरने में प्रयुक्त दो मोटर और कार जब्त की है। -निखिल/ब्यावरा/16/5/2026