क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- फूड पॉइजनिंग की आशंका, हालत खतरे से बाहर मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के निवास विकासखंड अंतर्गत ग्राम अमदरी में कटहल की सब्जी खाने के बाद एक ही परिवार के 9 सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक तौर पर यह मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। बीमार लोगों में बच्चे, बच्चियां और महिलाएं शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सभी मरीजों की हालत अब पहले से बेहतर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अमदरी निवासी पन्ना लाल ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्यों ने कटहल की सब्जी खाई थी। इसके बाद सुबह से उनकी पत्नी, बच्चियों और नातिन सहित कुल 9 लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास के डॉ. सज्जन उइके ने पुष्टि की कि 9 लोग दस्त और उल्टी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। इनमें दो लगभग 13 वर्षीय बच्चे भी शामिल हैं। डॉ. उइके के अनुसार, सभी का उपचार किया गया है और उनकी स्थिति सामान्य एवं बेहतर है। ईएमएस/मोहने/ 16 मई 2026