राज्य
16-May-2026
...


:: जिंसी चौराहा स्थित प्राचीन मंशापूर्ण शनि मंदिर पर देर रात तक लगा रहा भक्तों का मेला, महाआरती में शामिल हुए अनेक संत-महंत :: इंदौर (ईएमएस)। शनिदेव न तो किसी को अकारण दंडित करते हैं और न ही अनावश्यक कृपा करते हैं। उनकी कृपा पाने के लिए व्यक्ति का मन निर्मल, चरित्र शुद्ध और कर्म सात्विक होना चाहिए। सज्जनों पर कृपा की वर्षा और दुर्जनों को उनकी दुष्टता का दंड देने वाले शनिदेव एकमात्र ऐसे देवता हैं, जो कलियुग में आ रही विकृतियों को दूर कर एक संस्कारवान समाज की स्थापना करने में सक्षम हैं। कर्मों के फल से कोई बच नहीं सकता। शनिदेव न्याय के देवता हैं और उनका न्याय अंधा नहीं होता। वे जितनी जल्दी नाराज होते हैं, उतनी ही जल्दी प्रसन्न भी होते हैं। उनकी प्रसन्नता और नाराजगी हमारे कर्मों पर निर्भर होती है। यह दिव्य विचार जिंसी चौराहा स्थित प्राचीन मंशापूर्ण शनि मंदिर पर चल रहे तीन दिवसीय शनि जयंती महोत्सव के समापन प्रसंग पर व्यक्त किए गए। शनिवार देर रात महाआरती एवं सम्मान समारोह के दौरान आए हुए संतों ने अतिथि के रूप में उक्त विचार व्यक्त किए। क्लब के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल, लक्ष्मीनारायण पाठक एवं यशवंत गायकवाड़ ने बताया कि शनि जयंती के मुख्य महोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर पर सुबह से शाम तक पूजा-अर्चना, श्रृंगार, वट पूजा, यज्ञ-हवन सहित विभिन्न अनुष्ठानों में सैकड़ों भक्तों ने शामिल होकर शनिदेव से समाज में सुख, शांति एवं सदभाव की गुहार लगाई। :: महाआरती में उमड़े श्रद्धालु, संतों का हुआ सम्मान :: संध्या को हंसदास मठ के महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज, महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज, पं. अमितदास महाराज, अखंड धाम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप, संत राजानंद, दाडकीवाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध महंत दयाराम दास महाराज पीपलखूटा, महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा, पंचकुइया राममंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी रामगोपाल दास महाराज सहित अनेक संत-विद्वानों ने महाआरती में भाग लिया। क्लब की ओर से सभी संतों का सम्मान किया गया। इस दौरान मंशापूर्ण शनि मंदिर बार-बार शनिदेव के जयघोष से गूंजता रहा। अतिथियों का स्वागत क्लब के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल, रमेश सेन, हितेश अग्रवाल, किशोरीलाल कौशिक, दिनेश अग्रवाल, सतीश सेन आदि ने किया। :: प्रबुद्धजनों और मातृशक्ति ने की संतों की अगवानी :: कार्यक्रम में पार्षद मनोज मिश्रा, प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जायसवाल, संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेड़ा, राजेश कुंजीलाल गोयल, राहुल अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, अंकित अग्रवाल तथा मातृशक्ति में श्रीमती मंजूलता अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, लता अग्रवाल, नीता अग्रवाल, सतनबाई यादव आदि ने संतों-महंतों की अगवानी की। संचालन श्याम अग्रवाल ने किया और आभार माना मोहित अग्रवाल ने। :: कष्ट निवारण पुस्तिका का हुआ वितरण :: इस अवसर पर क्लब द्वारा जनहित में एक विशेष और सराहनीय प्रयास किया गया। भक्ति और धार्मिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्लब द्वारा प्रकाशित कराई गई शनि पीड़ा कष्ट निवारण पुस्तिका का मंदिर परिसर से निशुल्क वितरण किया गया। इस उपयोगी धार्मिक पुस्तिका का लाभ पिछले तीन दिनों में एक हजार से अधिक दर्शनार्थी भक्तों ने उठाया। प्रकाश/16 मई 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। जिंसी चौराहा स्थित मंशापूर्ण शनि मंदिर पर आयोजित शनि जयंती महोत्सव में महाआरती करते श्रद्धालु।