इंदौर (ईएमएस)। शहर के एमजी रोड थाना पुलिस ने पैसों के लेनदेन और जीएसटी विवाद में फरियादी पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फरियादी को रास्ते से हटाने के लिए 30 हजार रुपये की सुपारी दी थी। पकड़े गए सभी आरोपी शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने फरियादी पर चाकू से जानलेवा हमला कर सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित एमजी रोड थाना पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सबसे पहले संदिग्ध गौरव चक्रवर्ती को हिरासत में लिया। पूछताछ में गौरव ने कुबूल किया कि जीएसटी निपटारे के पैसों का तकाजा टालने के लिए उसने अपने दोस्त रितेश मुछाल के जरिए पुष्प वैष्णव और उमेश वैष्णव को 30 हजार रुपये में हमले की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों- गौरव चक्रवर्ती, रितेश मुछाल, पुष्प वैष्णव और उमेश वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस अंधे कत्ल की कोशिश का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह सिसौदिया, उपनिरीक्षक सचिन त्रिपाठी और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। प्रकाश/16 मई 2026