राज्य
17-May-2026


- तिलजाला के बाद अब हसनाबाद में कोर्ट के आदेश पर ढहाई गईं अवैध दुकानें उत्तर 24 परगना (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद से ही अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। कोलकाता के तिलजाला में हुई बड़ी कार्रवाई के बाद अब उत्तर 24 परगना जिले के हसनाबाद में भी प्रशासन का बुलडोजर पहुंच गया है। यहाँ के स्थानीय तालपुकुर इलाके में अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन पर बनी दुकानों को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमींदोज कर दिया गया। यह पूरी कार्रवाई कलकत्ता हाईकोर्ट के पुराने आदेश का पालन करते हुए की गई है। गौर हो कि हसनाबाद के तालपुकुर क्षेत्र में सद्दाम हुसैन नामक एक रसूखदार स्थानीय व्यवसायी ने गियासुद्दीन नाम के एक व्यक्ति की निजी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। कब्जे के बाद सद्दाम ने उस जमीन पर कई दुकानें खड़ी कर दी थीं। इस धोखाधड़ी के खिलाफ पीड़ित पक्ष ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने साल 2022 में ही इन अवैध ढांचों को तुरंत गिराने का आदेश जारी किया था। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सद्दाम हुसैन ने अपने राजनीतिक रसूख और प्रभाव का इस्तेमाल कर इस कार्रवाई को लंबे समय तक रोके रखा था। राज्य में सत्ता परिवर्तन होते ही प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पद संभालते ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राज्य में किसी भी तरह के अवैध निर्माण या भू-माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। इसी कड़ी में इस सप्ताह की शुरुआत में कोलकाता के तिलजाला में एक अवैध इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत के बाद वहां भी बुलडोजर एक्शन हुआ था। अब हसनाबाद में कोर्ट के आदेश को अमली जामा पहनाते हुए प्रशासन ने सालों पुराने अवैध अतिक्रमण को नेस्तनाबूद कर दिया है, जिससे इलाके के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। रामयश/ईएमएस 17 मई 2026